Trending Now

हम भगवा रंग में रंग देंगे……

!!गणतंत्र दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ!!

वीरों के बलिदानों की,
हम शपथ उठाकर कहते हैं।
भारत के बच्चे बच्चे को
हम भगवा रंग में रंग देंगे।
तिरंगे की आन बान शान को
अंतरिक्ष जैसा अंबर देंगे।।
भारत के बच्चे बच्चे को
हम भगवा रंग में रंग देंगे।।

टूटी साँसों से भारत माँ को,
वापस आऊँगा ये कहकर गये।
नव यौवन माँ के चरणों में
शीश अपना भेंट कर गये।
उनकी बलिदानी गाथा को,
हम स्वतंत्र भारत में गढ़ देंगे।।१
भारत के बच्चे बच्चे को
हम भगवा रंग में रंग देंगे।।

जो भूल गये बलिदानों को,
उच्छृंखलता में जीते हैं।
पराभाव की लकीरों को
अंतर्मन में जो खींचे हैं।
उनको आत्मसम्मान से,
जीवन जीना सिखला देंगे।।२
भारत के बच्चे बच्चे को
हम भगवा रंग में रंग देंगे।।

वीरों का वो आत्मोत्सर्ग
स्वाधीनता का ये अमृत पर्व।
अमरत्व देने देश को
टूटी साँसों से पूर्ण प्रयत्न
साँसों के हर तारों से
अमर गीत के स्वर देंगे।।३
भारत के बच्चे बच्चे को
हम भगवा रंग में रंग देंगे।।

यह तीन रंगों का राष्ट्र ध्वज
भाल तिलक हमारा हो।
हम रहे कोई भाषा भाषी
पर भारत देश हमारा हो।
इस माटी की हर देह को
पर्वतेश सा प्रेहरी बना देंगे।।४
भारत के बच्चे बच्चे को
हम भगवा रंग में रंग देंगे।।

भारत के बच्चे बच्चे को
हम भगवा रंग में रंग देंगे।।

लेखक:- डॉ. नुपूर निखिल देशकर