Trending Now

ध्येय समर्पित व्यक्तित्व के रूप में सुषमा जी की स्मृति सदा रहेगी

अत्यंत अकल्पनीय, अविश्वसनीय दुःखद समाचार है श्रीमती सुषमा स्वराज जी का असामयिक निधन। यह अत्यंत वेदनादायक है।

लगभग 45 वर्षों का उनका सामाजिक, राजनैतिक जीवन विविध दृष्टि से आदर्शवत और अनुकरणीय रहा है।

एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल नेत्री, सक्षम और प्रभावी मंत्री, ध्येय समर्पित व्यक्तित्व के रूप में उनकी प्रतिमा हम सबके स्मृति में सदा रहेगी।

हृदय में मातृवत् स्नेह, देश और समाज की समस्याओं के प्रति संवेदनशील अंतःकरण और प्रतिकूलताओं पर मात करने की तेजस्विता से वे सदा कर्मशील रही हैं।

स्वास्थ्य की मर्यादाओं को समझकर अपने आप को भागदौड़ की राजनीति से मुक्त करते हुए सामाजिक कार्य में सहयोग करते रहने की इच्छा उन्होंने प्रकट की थी, परन्तु इस दुःखद घटना से हम व्यथित हैं।

वर्तमान में देश में घटित ऐतिहासिक पहल से वे प्रसन्न थीं और यह उन्होंने हम से विदा लेते समय प्रकट किया है। ऐसे परिवर्तन के काल में उनका स्वर्गगमन अत्यंत असहनीय है। इस दुःखद घड़ी में हम उनके सभी परिवारजनों के प्रति वेदनापूर्ण हृदय से संवेदना प्रकट करते हैं। ईश्वर हम सभी को यह आघात सहन करने का बल प्रदान करे। ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि अपने चरणों में दिवंगत आत्मा को स्थान प्रदान करे।

ॐ शान्ति शान्ति शान्ति:

मोहन भागवत                              सुरेश (भय्याजी) जोशी

सरसंघचालक                                    सरकार्यवाह