Trending Now

विहिप का घर वापिसी अभियान

1. हिन्दू धर्म छोड़कर गये लोगों की घर वापिसी को घर-घर संपर्क किया जाएगा।
2. हित चिन्तक अभियान चला लोगों को परिषद से जोड़ा जाएगा।
3. लव जिहाद व धर्मांतरण की बढ़ती घटनाएं चिन्ता का विषय है।

नई दिल्ली – विश्व हिन्दू परिषद ने ऐसे लोगों की घर वापिसी के लिए अभियान चलाने का ऐलान किया है, जिनके पूर्वज हिंदू थे। संगमनगरी प्रयागराज में पिछले दिनों हुए दो दिवसीय बैठक में इसका फैसला किया गया। बैठक में तक हुआ ऐसे लोग जो हिंदू धर्म छोड़कर गए हैं, उनसे संपर्क कर मूल धर्म के प्रति उनकी आस्था जागृत की जाएगी। उनकी घर वापिसी के लिए अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद ने धर्मांतरण को रोकने के लिए संगठन के कार्य घर-घर तक पहंुचाने का भी निर्णय लिया। विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि हिंदू आस्था पर कुठाराघात की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं। इस वजह से अब काशी प्रांत के सभी 19 जिलों में हित चिंतक अभियान चलाकर पांच लाख लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा। संगठन का यह अभियान 6 नवम्बर से 20 नवम्बर तक चलेगा।

बैठक में धर्मांतरण के साथ ही लव जिहाद पर भी चर्चा हुई। इस दौरान चंपत राय ने कहा कि विहिप हिंदुओं को जोड़ने का लगातार प्रयास कर रहा है। हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। लव जिहाद की घटनाएं बढ़ी हैं और धर्मांतरण के लिए लगातार प्रलोभन दिया जा रहा है। चंपत राय ने कहा कि इसे रोकने के लिए हमें आगे आना होगा।

गौरतलब है कि विश्व हिन्दू परिषद की ये दो दिवसीय बैठक प्रयागराज के सहसों के आरडी काॅलेज में बीती 23 और 24 जुलाई को आयोजित की गई थी। इस बैठक में चंपत राय ने संगठन के अन्य कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा संगठन के 60 वर्ष पूर्ण होने वाले हैं। इस उपलक्ष्य में विहिप की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्र का अखंड बनाने के लिए परिषद की स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित होंगे।

 साभार – महाकौशल सन्देश