Trending Now

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संघ के प्रथम सरसंघचालक डॉ. हेडगेवार की कर्मस्थली पहुँचे

जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 05 सितम्बर को बालाघाट जिले के रामपायली स्थित डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार की कर्मस्थली पर पहुँचे। यहाँ पहुँच कर उन्होंने डॉक्टर हेडगेवार द्वारा किए हुए कार्यों एवं क्रांतिकारी गतिविधियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को डॉक्टर हेडगेवार की स्मृतियों को अक्षुण्य रखने के सम्बंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि डॉक्टर हेडगेवार की स्मृतियों, उनके कार्यों एवं उनकी प्रेरणा को अक्षुण्ण बनाए रखने स्मारक बनाने का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि रामपायली की इस पवित्र धरती में जहां से परम पूज्य डॉक्टर हेडगेवार जी ने क्रांतिकारी गतिविधियों का संचालन किया था, वहां आने का अवसर मिला। उन्होंने अनेक क्रांतिकारी गतिविधियां यहां से संचालित की।

उनके काका श्रद्धेय आबाजी हेडगेवार यहां रहा करते थे।

यहीं अंग्रेजी राज्य को उखाड़ फेंकने के लिए उन्होंने पुलिस चौकी पर बम फेंका था।

यहीं क्रांति की ज्वाला धधकाने आने के लिए दशहरा मैदान में उन्होंने प्रसिद्ध भाषण दिया था, जिसके कारण अंग्रेजों की नजर उनकी तरफ गई और उनका भाषण देना प्रतिबंधित कर दिया गया।

यहीं इसी धरती से उन्होंने जंगल सत्याग्रह की योजना बनाई तथा अनेकों क्रांतिकारी गतिविधियों का संचालन किया।

यह बालाघाट जिला सचमुच में बहुत सौभाग्यशाली है, जहां उन्होंने कई तरह की देशभक्ति की गतिविधियां प्रारंभ की।

हमने यह सोचा है कि जहां उन्होंने क्रांतिकारी गतिविधियां संचालित की तथा योजनाएं भी बनाईं, तथा अंग्रेजी शासन को उखाड़ फेंकने का शंखनाद किया, वहां उनकी स्मृति में एक ऐसा स्मारक हो जो सबको देशभक्ति की प्रेरणा देता रहे।

आज प्रारंभिक रूप से इस पवित्र रामपायली में जहां प्रभु श्रीराम की कृपा रही है, वह सारे स्थान देखे हैं।

अब प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर इस दिशा में आगे बढ़ने की योजना बनाएंगे।

 उन्होंने संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकाररियो से सौजन्य मुलाक़ात भी की।

इस अवसर पर बालाघाट ज़िले के फ़ाइन आर्ट्स के गोल्ड मेडलिस्ट कलाकार सुनील मरावी ने श्री चौहान को स्वयं का बनाया गया डॉक्टर हेगड़ेवार का छायाचित्र भेट किया।