गौ सेवा का अद्भुत उदाहरण: 1000 निराश्रित गौवंश के लिए वर्षभर का आहार तैयार

नरसिंहपुर। सेवा, समर्पण और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ग्राम डांगीढाना की त्रिनेत्री सेवा समिति ने एक अनूठी उपलब्धि हासिल की है। समिति के युवाओं ने अथक परिश्रम और 35 दिनों की निरंतर साधना से 1000 निराश्रित गौवंश के लिए वर्षभर के आहार हेतु 1600 ट्राली भूसा तैयार कर लिया है।

पिछले माह बहोरीपार गौशाला में आयोजित “गौ ग्रास संग्रहण महाअभियान” के दौरान समिति ने 1500 ट्राली भूसा बनाने का संकल्प लिया था। इस संकल्प को पूरा करने के लिए समिति के सदस्यों ने 6 स्ट्रॉ रीपर मशीन, 12 ट्रैक्टर और 20 सदस्यीय टीम के साथ दिन-रात मेहनत की।

नरसिंहपुर एवं सिवनी जिले के गेहूं उत्पादक क्षेत्रों में जाकर उन्होंने न केवल भूसा तैयार किया, बल्कि नरवाई प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत किया। किसानों ने भी इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभाते हुए अपनी नरवाई को जलाने के

बजाय समिति को सौंपा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और गौ सेवा दोनों का कार्य साथ-साथ हुआ।
समिति के इस प्रयास से तय लक्ष्य 1500 ट्राली को पार करते हुए 1600 ट्राली भूसा संग्रहित किया गया, जिसे गौ माता के आशीर्वाद और समाज के सहयोग का परिणाम माना जा रहा है।

इस पूरे अभियान में जिला प्रशासन नरसिंहपुर एवं पशुपालन विभाग का भी निरंतर मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन मिलता रहा, जिससे कार्य को गति और मजबूती मिली।

यह पहल न केवल गौ सेवा का उदाहरण है, बल्कि समाज, प्रशासन और किसानों के सामूहिक प्रयास की शक्ति को भी दर्शाती है।

संकल्प से सिद्धि तक की यह यात्रा अन्य संगठनों और युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गई है।

“जहाँ सेवा का भाव होता है, वहाँ सफलता स्वयं मार्ग प्रशस्त करती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *