जबलपुर, 14 नवम्बर 2025 मानस भवन, राइट टाउन, जबलपुर में जन कल्याण न्यास परिवार द्वारा नारी सम्मान समारोह एवं सामूहिक संकल्प – महिला सुरक्षा और सम्मान विषय पर भव्य एवं प्रेरक कार्यक्रम का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कावेरी शॉ पटेल (स्त्री प्रसूति एवं स्त्री कैंसर रोग विशेषज्ञ, लैप्रोस्कोपिक सर्जन, जबलपुर) तथा मुख्य वक्ता के रूप में प्रख्यात प्रवाचिका साध्वी समाहिता (पूज्या दीदी साध्वी ऋतंभरा जी की परमप्रिय शिष्या) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की।
डॉ कावेरी शॉ ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ जीवन में एक स्पष्ट ध्येय भी होना आवश्यक है। स्वतंत्रता का अर्थ स्वछंदता नहीं होता; बल्कि यह है कि हम अपने संस्कारों को ध्यान में रखते हुए भारतीय परंपरा और मूल्यों को आगे बढ़ाएँ। आज हमारी बहनें जहाज़ उड़ाने से लेकर अंतरिक्ष यान तक स्थापित कर रही हैं—यह नारी शक्ति की वास्तविक क्षमता और उन्नति का प्रमाण है।
मुख्य वक्तव्य में साध्वी समाहिता जी ने कहा कि— “नारी केवल घर की आधारशिला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की शक्ति है। जब नारी सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त होती है, तभी समाज में वास्तविक विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।”
उन्होंने नारी के आत्मविश्वास, आत्मरक्षा और स्वाभिमान पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया तथा उपस्थित माताओं, बहनों और बेटियों को सशक्त बनने का सामूहिक संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएँ —
- समाज में नारी की भूमिका एवं भविष्य के भारत में उसके योगदान पर चिंतन
- महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं स्वाभिमान पर मार्गदर्शन
- नारी सशक्तिकरण पर प्रेरक उद्बोधन
- सामूहिक संकल्प के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का विस्तार
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएँ, बहनें, युवतियाँ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जन कल्याण न्यास परिवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए नारी सुरक्षा और सम्मान को सामाजिक आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

