शताब्दी वर्ष में युवा सम्मेलन का आयोजन, समरसता व पंच परिवर्तन का संदेश
मैहर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज क्रिकेट ग्राउंड में भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मैहर जिले के पाँचों खंडों एवं नगरों से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिकों तथा मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि टैक्स एडवोकेट राकेश शर्मा ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समरसता की भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करता है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक श्री ब्रजकांत ने संघ के शताब्दी वर्ष में चल रहे पंच परिवर्तन की महत्ता एवं उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए बताया कि पंच परिवर्तन समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम है। अपने प्रेरक वक्तव्य में उन्होंने चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन की प्रेरणादायक घटना का उल्लेख कर युवाओं में देशभक्ति और साहस का संचार किया।
श्री ब्रजकांत ने पंचतंत्र की “पंडित और तीन ठगों” की कथा के माध्यम से यह भी समझाया कि किस प्रकार सत्य होते हुए भी भ्रम उत्पन्न कर व्यक्ति की मति को भ्रमित किया जा सकता है, इसलिए युवाओं को विवेक और सत्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम ने युवाओं में संगठन, समरसता और सकारात्मक परिवर्तन के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
