जबलपुर स्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यालय, नेपियर टाउन में आज एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे एवं प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने पत्रकारों को संबोधित किया।
प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक हरियाणा के समालखा में 13 से 15 मार्च 2026 तक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस बैठक में परम पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत एवं माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। देशभर से अपेक्षित 1493 कार्यकर्ताओं में से 1438 कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति रही।
उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन विस्तार, राष्ट्रहित में समाज की सज्जन शक्ति की सक्रियता तथा सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। गत वर्ष में संघ कार्य में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। देशभर में शाखाओं की संख्या लगभग 6,000 बढ़कर 88,949 हो गई है, वहीं स्थानों की संख्या 55,683 तक पहुंच गई है। साप्ताहिक मिलन 32,606 तथा संघ मंडली 13,211 हो गई हैं।
महाकौशल प्रांत में भी संगठनात्मक विस्तार उल्लेखनीय
महाकौशल प्रांत में 533 शाखाओं की वृद्धि के साथ कुल शाखाएं 3,078 हो गई हैं तथा स्थानों की संख्या 2,141 तक पहुंच गई है। यहां 918 साप्ताहिक मिलन एवं 954 संघ मंडलियां सक्रिय हैं।
शताब्दी वर्ष में व्यापक जनभागीदारी
विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक संघ का शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इस दौरान देशभर में 62,555 विजयादशमी उत्सव आयोजित हुए, जिनमें 32 लाख से अधिक तरुण एवं बाल स्वयंसेवकों की सहभागिता रही। संचलनों में 22,656 स्थानों पर 25 लाख से अधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
महाकौशल प्रांत में 3,138 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 1,77,988 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
गृह संपर्क अभियान में ऐतिहासिक पहुंच
देश के 37 प्रांतों में 10 करोड़ से अधिक घरों तक संपर्क स्थापित किया गया। महाकौशल प्रांत में 20,483 ग्राम एवं 933 नगरीय बस्तियों के 43,49,923 घरों में संपर्क किया गया।
हिंदू सम्मेलनों में लाखों की भागीदारी
देशभर में आयोजित हिंदू सम्मेलनों में 3.49 करोड़ से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। महाकौशल प्रांत में 23,48,042 लोगों ने सहभागिता की।
जबलपुर महानगर के सुहागी क्षेत्र में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में आयोजित सम्मेलन में 4,500 नागरिक शामिल हुए।
गुरु तेगबहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष पर आयोजन
इस वर्ष गुरु तेगबहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष के अवसर पर देशभर में 2,134 कार्यक्रम आयोजित किए गए। जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जिसमें सहसरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर का प्रेरणादायी उद्बोधन प्राप्त हुआ।
युवा शक्ति का बढ़ता जुड़ाव
महाकौशल प्रांत के सभी 34 जिलों में आयोजित युवा सम्मेलनों में 50,100 युवाओं ने सहभागिता कर संघ कार्य के प्रति अपना उत्साह प्रदर्शित किया।
संत रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष का विशेष आयोजन
डॉ. दुबे ने बताया कि वर्ष 2026-27 संत शिरोमणि संत रविदास जी महाराज का 650वां प्राकट्य वर्ष है। इस अवसर पर उनके समरसतामूलक विचारों को समाज तक पहुंचाने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सामाजिक समता, कुरीतियों के उन्मूलन एवं समयानुकूल परिवर्तन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्य के विकेंद्रीकरण और संगठनात्मक विस्तार को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संरचना में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. प्रदीप दुबे ने बताया कि महाकौशल प्रांत की पूर्व व्यवस्था को पुनर्गठित करते हुए अब इसे तीन प्रमुख संभागों में विभाजित किया गया है। उन्होंने बताया कि नवगठित संरचना के अंतर्गत जबलपुर, रीवा और सागर — ये तीन संभाग बनाए गए हैं।
डॉ. दुबे ने कहा कि इस नई व्यवस्था से कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और संपर्क में वृद्धि होगी, साथ ही संगठन की गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे समाज के विभिन्न वर्गों तक संघ का कार्य अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा और संगठनात्मक कार्यों में नई ऊर्जा का संचार होगा।
इस पत्रकार वार्ता में विभाग प्रचार प्रमुख विनय सोलंकी सहित प्रचार टोली के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
