व्यक्तित्व निर्माण से राष्ट्र निर्माण संघ कार्य का लक्ष्य — दीपक बिसपुते

शहडोल । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम सामान्य के उद्घाटन सत्र का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, शहडोल स्थित श्रीगुरुजी सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मध्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मालवा, मध्य भारत, महाकौशल एवं छत्तीसगढ़ प्रांतों से लगभग 383 शिक्षार्थी उपस्थित रहे।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख दीपक जी बिसपुते ने कहा कि संघ कार्य का मूल लक्ष्य “मेन मेकिंग से नेशन बिल्डिंग” अर्थात श्रेष्ठ व्यक्तित्व निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि समय और परिस्थिति के अनुसार कार्यपद्धति में परिवर्तन संभव है, किन्तु संघ का लक्ष्य और विचार कभी नहीं बदलते।

उन्होंने अपने उद्बोधन में जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम और अनुशासन को सर्वोपरि एवं अविकल्पनीय बताया। साथ ही वर्ग को साधना का केंद्र बताते हुए शिक्षार्थियों से साधक भाव से वर्ग जीवन जीने का आह्वान किया।

वर्ग में विभिन्न जिलों एवं विभागों से आए शिक्षार्थी राष्ट्र जीवन, संगठनात्मक कार्यपद्धति, शारीरिक एवं बौद्धिक प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयं को अधिक सक्षम और अनुशासित बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम में वर्ग के सर्वाधिकारी सरदार जसविंदर सिंह भी मंचासीन रहे। उद्घाटन सत्र प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *