समरस समाज ही संघ का स्वप्न : जीवन यादव

श्री विजयादशमी उत्सव एवं पथसंचलन

हिंडोरिया, दमोह। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर बिलाई मे मंगलवार को विजयादशमी पर्व पर भव्य व प्रभावशाली पथ संचलन का आयोजन किया गया। बिलाई की मुख्य सड़कों पर स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में, अनुशासन बद्ध होकर, घोषवादन और भगवा ध्वज के साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़े। संचलन का दृश्य अत्यंत प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण रहा।

ग्राम वासियों में पथ संचलन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं और बच्चे सड़कों पर स्वयंसेवकों का स्वागत करने के लिए एकत्र हुए। संचलन मार्ग पर नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया गया।

कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय परिसर में स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथियो द्वारा शस्त्र पूजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में  श्री जीवन यादव जिला सहकार्यवाह, एवं मुख्य अतिथि चौधरी श्री दयाराम पटैल (रिटा.उपयंत्री PWD) उपस्थित रहे।

अपने प्रबोधन में श्री यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की सफल यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि— “समाज को एक सूत्र में बांधकर, परस्पर विश्वास और समरसता के साथ आगे बढ़ना ही संघ का उद्देश्य है।” उन्होंने इस शताब्दी वर्ष में प्रत्येक स्वयंसेवक से पंच संकल्प लेने का आह्वान किया —

1️⃣  हर क्षेत्र में शाखा स्थापना,

2️⃣  सामाजिक समरसता का पालन,

3️⃣  मातृभूमि और भूमि संरक्षण,

4️⃣  स्वदेशी जीवनशैली का आचरण,

5️⃣  भारतीय कानूनों और नियमों का पालन।

मुख्य वक्ता ने कहा कि भारत की गौरवशाली परंपरा और संस्कृति को समझना, उसका पालन करना और युवाओं को संगठित कर राष्ट्रहित में कार्य करना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का समापन सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुए पथ संचलन के साथ हुआ, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय में लौटकर सम्पन्न हुआ। मंडल से आए हुए स्वयंसेवकों की उपस्थिति ने संगठन शक्ति और राष्ट्रभावना का अद्भुत प्रदर्शन किया।

 कार्यक्रम में जिला सहकार्यवाह महेन्द्र, हिंडोरिया खंड कार्यवाह कल्याण, सरपंच प्रतिनिधि श्री दयाराम,  श्री शारदा प्रसाद सिरवैया, सहित ग्रामीणों की उपस्थित रही। चौकी प्रभारी श्री मलखान एवं उनकी पूरी टीम संचलन में कदमताल मिलाकर चलती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *