संघ शताब्दी वर्ष में कटनी नगर में हुआ भव्य विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन
कटनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन कटनी नगर में किया गया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से पूर्ण गणवेश में सैकड़ों स्वयंसेवक पथ संचलन करते हुए फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में एकत्र हुए। इस अवसर पर क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख गंगा राजीव पांडे मुख्य वक्ता एवं अरविंद गुगालिया जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता गंगा राजीव पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि “भारत में अनादि काल से धर्म और अधर्म का संघर्ष रहा है, और सदा धर्म की ही विजय हुई है। किंतु राष्ट्रीय चरित्र के ह्रास और आंतरिक दुर्बलता के कारण हमें गुलामी का दंश झेलना पड़ा।”
उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार जी ने बाल्यकाल से ही राष्ट्र के प्रति समर्पण दिखाया और समाज में जागृति होते हुए भी स्थायी परिवर्तन न होते देख यह संकल्प लिया कि “भारत की स्वतंत्रता अक्षुण्ण रहे, इसके लिए समाज में संगठन और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण आवश्यक है।”
इसी उद्देश्य से 1925 में विजयादशमी के दिन 17 स्वयंसेवकों के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की गई।
गंगा राजीव ने आगे कहा, “संघ उपेक्षा से अपेक्षा तक का सफर तय कर चुका है। आरंभ में जहां संघ और हिंदू राष्ट्र की अवधारणा को नकारा गया, वहीं अब समाज संघ से अपेक्षा कर रहा है। व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज परिवर्तन ही संघ का मूल उद्देश्य है, जिससे भारत पुनः परम वैभव के शिखर पर पहुंचे।”
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे संघ के शताब्दी वर्ष में समाज परिवर्तन के इस पवित्र कार्य में सहभागिता करें।
मुख्य अतिथि अरविंद गुगालिया जी ने कहा कि “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की फिलॉसफी है – व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण। स्वयं से पहले राष्ट्र को रखना ही संघ का संस्कार है। कटनी में इतने अनुशासित रूप में संचलन देखकर गर्व की अनुभूति होती है।”
मंच पर विभाग संघचालक विपिन तिवारी, नगर संघचालक किशोर ओचानी जी भी उपस्थित रहे।
संचलन नगर के तीन स्थानों से प्रारंभ होकर फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में एकत्रीकरण के रूप में संपन्न हुआ। नगरवासियों एवं मातृशक्ति ने मार्ग में दीप प्रज्वलन और पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में विभाग कार्यवाह अमित कनकने, विभाग समरसता प्रमुख केशव तोमर, जिला संघचालक डॉ. अमित साहू, जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी, जिला प्रचारक चंदन जी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “जय जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
