संघ व्यक्ति निर्माण के साथ-साथ चरित्र निर्माण का भी करता है कार्य – डॉ. सुरेंद्र

अमदरा, मैहर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत खंड अमदरा में भव्य पथ संचलन एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवकों ने अनुशासनबद्ध पंक्तियों में कदम से कदम मिलाते हुए नगर भ्रमण किया, जिससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति और उत्साह के वातावरण से गूंज उठा। पथ संचलन में पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों की उपस्थिति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सुरेंद्र उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केवल संगठन नहीं, बल्कि एक विचारधारा है जो राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। संघ व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ चरित्र निर्माण पर विशेष बल देता है। संगठन का मूल उद्देश्य ऐसा समाज निर्माण करना है जिसमें राष्ट्र सर्वोपरि हो और हर नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहे।”

उन्होंने आगे कहा कि संघ की शाखाएं समाज में संस्कार, अनुशासन और एकता का संचार करती हैं। शाखा के माध्यम से स्वयंसेवकों में संगठनात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल और समाज सेवा की भावना विकसित होती है। आज जब देश को सशक्त और संगठित समाज की आवश्यकता है, तब संघ के स्वयंसेवक अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी तथा नगर के अनेक लोगों ने सहभागिता की। पथ संचलन के दौरान देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंज उठा और नगर में एकता, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *