कोठी, सतना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सतना जिले के कोठी नगर में शताब्दी वर्ष में विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन किया। जिसमें मुख्य वक्ता अमित कनकने, विभाग कार्यवाह एवं मुख्य अतिथि मयंक तिवारी रहे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अमित कनकने ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल उत्सव का नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का संकल्प वर्ष है। संघ ने बीते सौ वर्षों में व्यक्ति निर्माण, समाज संगठन और राष्ट्र की एकात्मता के लिए निरंतर कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार जी ने संघ की स्थापना ऐसे समय में की जब देश दासता में था। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति में संगठन और स्वाभिमान की भावना जगाई। आज संघ उसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मयंक तिवारी ने कहा कि संघ की शाखा केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि “चरित्र निर्माण और आत्मानुशासन का केंद्र” है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज सेवा और राष्ट्र समर्पण की भावना से जुड़े कार्यों में भाग लें। शताब्दी वर्ष में हर गांव में शाखा और हर व्यक्ति में राष्ट्रभाव को विकसित करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
