बरघाट में गौ हत्या मामले पर उबाल, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

मुख्य आरोपी की राइस मिल व बिरयानी सेंटर सील, तीन आरोपियों का जुलूस निकाला; अवैध कब्जे पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी

सिवनी जिले के बरघाट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बादलपार में गौ हत्या की घटना को लेकर हिंदू समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है। घटना के विरोध में सकल हिंदू समाज द्वारा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) बरघाट को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026, मंगलवार रात्रि लगभग 10:30 बजे ग्राम बादलपार के चांदनी चौक मस्जिद रोड पर कुछ आरोपियों द्वारा गौ माता की हत्या किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि गौ मांस को कथित रूप से वकील खान के घर लाया गया और बाद में दो एवं चार पहिया वाहनों के माध्यम से अन्य स्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। इस घटना से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची और पूरे क्षेत्र में रोष का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले को लेकर बढ़ते जनआक्रोश के बीच प्रशासन ने मुख्य आरोपी अलीम खान की राइस मिल और बिरयानी सेंटर को सील कर दिया है।

इसके साथ ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार तीनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया।

सकल हिंदू समाज ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य आरोपी अलीम खान सहित सभी फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, आरोपियों के अवैध कारोबारों पर कार्रवाई, तथा कॉल डिटेल के आधार पर अन्य सहयोगियों के नाम एफआईआर में जोड़ने की मांग की है। साथ ही पूर्व में गौ तस्करी से जुड़े आरोपियों की भी जांच करने की बात कही गई है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि जाकिर उर्फ छोटा खान एवं उनके परिवार द्वारा राजस्व भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे को हटाया जाए, वहीं मोहगांव निवासी बबलू खान उर्फ वसिक खान की भूमिका की भी जांच की जाए, जिन पर गौ तस्करी में सहयोग करने के आरोप लगाए गए हैं।

हिंदू समाज के अल्टीमेटम के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों पर जल्द ही बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हालांकि समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि सभी दोषियों की गिरफ्तारी और मांगों पर पूर्ण कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *