पी.एम. एक्सीलेंस कॉलेज में शिक्षा श्रेणी की प्रमुख जन गोष्ठी संपन्न
सिंगरौली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त चल रहे कार्यक्रमों के अंतर्गत शिक्षा श्रेणी की प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन पी.एम. एक्सीलेंस कॉलेज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संस्कृत भारती के प्रांत संगठन मंत्री मनोज पाण्डेय उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में श्री पाण्डेय ने संघ की स्थापना के उद्देश्य एवं डॉ. हेडगेवार के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज परिवर्तन सत्ता के माध्यम से नहीं, बल्कि समाज के जागरण से संभव है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को “पंच परिवर्तन” के कार्यों को अपने आचरण में उतारना होगा।
उन्होंने उपस्थित शिक्षाविदों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी जीवनशैली को अपनाते हुए अपनी वेशभूषा, भजन, भोजन एवं भ्रमण जैसे आयामों को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लें, जिससे भारतमाता को पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित किया जा सके।
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रमुख शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
