नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छिंदवाड़ा विभाग के महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य विभाग द्वारा आयोजित साहसिक साइकिल यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह यात्रा गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 5 नवंबर को सुबह 7 बजे शिवाजी चौक से प्रारंभ हुई। नगर भ्रमण के बाद यात्रा बोरगांव पहुंची, जहां रात्रि विश्राम किया गया।
अगले दिन 6 नवंबर को प्रातः 4 बजे यात्रा पुनः प्रारंभ होकर निर्धारित समय सुबह 11 बजे डॉक्टर हेडगेवार स्मारक समिति रेशम बाग पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा युवाओं का स्वागत एवं अभिनंदन कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
रेशम बाग पहुंचने पर संघ परिवार के विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर डॉक्टर हेडगेवार स्मारक समिति के कार्यालय प्रमुख श्री विकास तेलंग ने डॉक्टर हेडगेवार स्मारक समिति एवं डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छिंदवाड़ा के युवाओं द्वारा पूर्ण की गई इस साहसिक साइकिल यात्रा की सराहना भी की।
यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं ने महाल स्थित डॉक्टर हेडगेवार जी के निवास स्थान, संघ कार्यालय एवं संग्रहालय का भ्रमण कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस दौरान नागपुर के नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महाविद्यालय कार्य विभाग द्वारा आयोजित इस यात्रा में युवाओं ने लगभग 125 किलोमीटर की दूरी साहस एवं अनुशासन के साथ बिना किसी बाधा के पूर्ण की। यात्रा में विभाग प्रचारक श्री लखन, जिला कार्यवाह मनोज तवले, महाविद्यालय कार्य विभाग प्रमुख वेद प्रकाश तिवारी, विभाग प्रचार प्रमुख अमोल डबली, विभाग संपर्क प्रमुख अंशुल शुक्ला, जिला प्रचार प्रमुख अजय पालीवाल, महाविद्यालय कार्य विभाग प्रमुख अमन सोनी एवं आकाश पटेल सहित 100 से अधिक युवा एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।


