जबलपुर। सुदर्शन स्मृति सेवा न्यास द्वारा, गेल (इंडिया) लिमिटेड के सौजन्य से आमजन तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से 2 चलित चिकित्सा वाहनों (Mobile Medical Units) का लोकार्पण केशव कुटी सुभद्रा नगर, राइट टाउन, जबलपुर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर गेल (इंडिया) लिमिटेड के निदेशक एवं सुदर्शन स्मृति सेवा न्यास के सचिव सीए अखिलेश जैन ने बताया कि देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की ऊर्जा कंपनी GAIL (India) Limited न केवल प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 में स्थापित GAIL का उद्देश्य ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सतत विकास को बढ़ावा देना है।
उन्होंने जानकारी दी कि कंपनी का वार्षिक टर्नओवर लगभग 55,000 से 60,000 करोड़ रुपये के बीच है तथा CSR के तहत कंपनी प्रतिवर्ष लगभग 100 से 150 करोड़ रुपये शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में व्यय करती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में सेवा कार्यों को समाज के उत्थान का आधार बताया। मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक श्री ब्रजकान्त जी ने कहा कि जिस समाज को संतों का मार्गदर्शन प्राप्त होता है, वह निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में कई लोग छोटी बीमारी के उपचार के लिए अपने संसाधन बेचने को विवश हैं, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक प्रत्येक व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं, तब तक राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने समाज में संवेदनशीलता एवं मानवीयता को बढ़ाने पर बल देते हुए स्वास्थ्य के क्षेत्र में समग्र (Holistic) दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप दुबे (मा. प्रांत संघचालक, महाकौशल प्रांत एवं अध्यक्ष, सुदर्शन स्मृति सेवा न्यास), कमिश्नर श्री धनंजय सिंह भदौरिया, जिला कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, सह क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख हितानंद शर्मा, प्रान्त प्रचार प्रमुख विनोद दिनेश्वर, श्री जितेंद्र जामदार, श्री अजय विश्नोई (विधायक), महापौर जगतबहादुर सिंह (अन्नू), नवीन कोठारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। तत्पश्चात निःशुल्क चलित चिकित्सा वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
