संघ शताब्दी वर्ष : 11 जनवरी को होगा जिला स्तरीय युवा सम्मेलन

उत्कृष्ट महाविद्यालय टीकमगढ़ में विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विविध प्रेरणादायी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में दिसंबर माह में बृहद गृह संपर्क अभियान तथा जनवरी में हिंदू सम्मेलन के बाद 11 जनवरी को प्रत्येक जिले में युवा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

इस क्रम में टीकमगढ़ जिले में 11 जनवरी को जिला स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन कुंडेश्वर रोड स्थित उत्कृष्ट महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा। सम्मेलन की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत आज महाविद्यालय परिसर में पूरे विधि-विधान से ध्वजारोहण एवं भूमिपूजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद एवं माँ सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण कर आयोजन का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात जिला प्रचारक श्री विनोद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के भाग्य निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति के भाव का जागरण, व्यसनमुक्त जीवन और राष्ट्रहित के कार्यों में प्राणपण से जुटने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला संघचालक श्री शिरीष बिहारी मिश्रा, विभाग महाविद्यालयीन प्रमुख श्री ऋषि अवस्थी, सह कार्यवाह श्री शैलेश मोदी, श्री नीरज रैकवार, श्री उत्कर्ष उपाध्याय सहित संघ के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा सैकड़ों की संख्या में युवाओं की गरिमामयी सहभागिता रही।

युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण—शताब्दी वर्ष में संघ का संकल्प
यह युवा सम्मेलन जिले के युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा भाव को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *