सेवा और संस्कार से सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्ग : स्वप्निल कुलकर्णी

मंडला में संघ की प्रमुख जनगोष्ठी संपन्न, राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन

मंडला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडला जिले में आयोजित “प्रमुख जनगोष्ठी” कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन खैरी स्थित रानी दुर्गावती महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी ने संघ की मूल विचारधारा-सेवा और संस्कार-पर प्रकाश डालते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है और इसी उद्देश्य के साथ संघ निरंतर कार्यरत है।

गोष्ठी में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वत्त्व का बोध, नागरिक कर्तव्य एवं राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। मुख्य वक्ता ने स्पष्ट किया कि संघ का लक्ष्य एक सशक्त, अनुशासित और संगठित भारत का निर्माण करना है, जो विश्व को मार्गदर्शन देने में सक्षम हो।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने पत्रक के माध्यम से अपने प्रश्न प्रस्तुत किए, जिनका उत्तर स्वप्निल कुलकर्णी ने विस्तारपूर्वक दिया। मंच पर मुख्य वक्ता के साथ जिला संघचालक हीरानंद चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिले भर से आए 300 से अधिक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *