छतरपुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में छतरपुर जिले का भव्य युवा सम्मेलन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में जिले के प्रत्येक खंड से आए हजारों युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मंच पर सह जिला संघचालक रामकृपाल गुप्ता, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री चेतस सुखाड़िया, नगर के युवा व्यवसायी हर्ष अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे।
युवा सम्मेलन के दौरान क्वाड, खो-खो, कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ओजस्वी गीतों और अनुशासित गतिविधियों के माध्यम से पूरे परिसर में ऊर्जा और राष्ट्रभाव का संचार होता रहा।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित संगठन मंत्री चेतस सुखाड़िया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज राष्ट्र को युवाओं की नितांत आवश्यकता है। युवा ही देश के भविष्य को सही दिशा दे सकता है। सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए सशक्त, संस्कारी और अनुशासनप्रिय युवा अनिवार्य है।”
उन्होंने आगे कहा कि युवा जितना श्रमशील, विवेकशील और मूल्यनिष्ठ होगा, राष्ट्र उतना ही अधिक शक्तिशाली और समृद्ध बनेगा।
श्री सुखाड़िया ने संघ की ऐतिहासिक यात्रा का स्मरण कराते हुए कहा कि “संघ की 100 वर्षों की यात्रा अनवरत संघर्ष और सेवा की यात्रा है। 1925 में जब डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने संघ की स्थापना की थी, तब किसी ने कल्पना नहीं की थी कि यह संगठन इतना विशाल और प्रभावशाली बनेगा।”
उन्होंने बताया कि आज संघ न केवल विश्व का सबसे बड़ा हिंदू संगठन है, बल्कि इसके 44 अनुषांगिक संगठन शिक्षा, सेवा, सामाजिक समरसता, संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण के विविध क्षेत्रों में निरंतर योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रांत से राजेश (प्रांत महाविद्यालय कार्य प्रमुख), अंचल प्रांत सह शारीरिक प्रमुख, भालचंद्र नातू (प्रांत घुमंतू जाति प्रमुख) सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। लगभग 2000 से अधिक युवाओं की सहभागिता के साथ यह युवा सम्मेलन अत्यंत प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक बन गया।
आयोजन समिति के सभी कार्यकर्ताओं एवं युवा वर्ग की सक्रिय भूमिका से यह कार्यक्रम संघ के शताब्दी वर्ष के आयोजनों में एक अविस्मरणीय अध्याय के रूप में दर्ज हुआ।

